×

अखिलेश यादव ने CBSE मूल्यांकन प्रणाली पर उठाए सवाल, भाजपा पर लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि न तो कोई जिम्मेदारी ले रहा है और न ही कोई इस्तीफा दे रहा है। इस मुद्दे पर राहुल गांधी भी केंद्र सरकार को घेरने में लगे हैं। जानें इस विवाद के पीछे की पूरी कहानी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बैठक के बारे में।
 

सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन पर उठे सवाल

लखनऊ। सीबीएसई परीक्षा के मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दल के नेता इस मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। नेता विपक्ष राहुल गांधी इस मामले में लगातार सवाल पूछ रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से स्पष्टीकरण मांग रहे हैं। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि, न तो कोई ज़िम्मेदारी ले रहा है और न ही कोई इस्तीफ़ा दे रहा है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सीबीएसई के मामले में लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि कॉपियों की पुनः जांच की मांग करने से क्या हासिल होगा, क्योंकि भाजपा का भ्रष्ट तंत्र वही है। न कोई ज़िम्मेदारी ले रहा है, न कोई इस्तीफ़ा दे रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "भाजपा के उन सहयोगियों ने, जिन्होंने सत्ता के बंटवारे के समय शिक्षा से जुड़े सभी मामलों पर एकाधिकार कर लिया था, अब इस घपले के उजागर होने पर अपने स्वभाव के अनुसार गायब हो गए हैं। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले केवल देश के वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य से भी धोखा कर रहे हैं। अब वो ‘खुफ़ियाजीवी’ लोग कहां हैं जो नैतिकता का ढोंग करते हैं और विभाजन की राजनीति करते हैं। युवा कह रहे हैं, अब और नहीं भाजपा!"

गौरतलब है कि, सीबीएसई कक्षा 12 की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को सीबीएसई मुख्यालय में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को आ रही तकनीकी और भुगतान संबंधी समस्याओं पर चर्चा की गई।