अजित पवार विमान हादसे की जांच में साजिश के आरोप, सीबीआई जांच की सिफारिश
अजित पवार के विमान हादसे की जांच
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 28 फरवरी को जारी की जाएगी। इस बीच, इस घटना के पीछे साजिश के आरोपों में तेजी आई है। अजित पवार की पत्नी, सुनेत्रा पवार, के अनुरोध पर राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है। नागरिक विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट एक महीने के भीतर, यानी 28 फरवरी तक, उपलब्ध होगी।
विपक्ष ने अजित पवार की मृत्यु पर राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं। बजट सत्र से पहले होने वाली पारंपरिक हाई-टी पार्टी का विपक्ष ने बहिष्कार किया। शरद पवार की एनसीपी, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने इस मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं। उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को अजित पवार सहित पांच लोगों की बारामती में विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मंत्री मोहोल ने कहा कि नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) पहले ही एक प्रेस बयान जारी कर चुका है। जांच से संबंधित जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और रिपोर्ट सभी के सामने रखी जाएगी।
इससे पहले, अजित पवार के बेटे जय पवार ने 18 फरवरी को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए विमान हादसे में साजिश का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, 'वीएसआर वेंचर्स के विमानों की उड़ान पर रोक लगानी चाहिए। प्लेन क्रैश में ब्लैक बॉक्स आसानी से नष्ट नहीं होते। महाराष्ट्र के लोगों को इस दिल दहला देने वाली त्रासदी का पूरा, पारदर्शी और बिना किसी शक के सच जानने का अधिकार है।' परिवार के अन्य सदस्य और शरद पवार की पार्टी के विधायक रोहित पवार भी साजिश के आरोपों को लेकर मुखर रहे हैं।