अमृतसर में AK-47 और ग्रेनेड के साथ युवक गिरफ्तार: विदेशी तस्करों से जुड़े तार
पंजाब पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
पंजाब के अमृतसर देहाती पुलिस ने एक युवक को एक AK-47 असॉल्ट राइफल और दो हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा है, जिससे एक अवैध हथियार और विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने साझा की। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान नवजोत सिंह (28) के रूप में हुई है, जो तरन तारन के गांव चीमा का निवासी और पेशे से ट्रक ड्राइवर है। पुलिस ने उसके पास से हथियारों के अलावा उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग वह सप्लाई के लिए करता था.
आरोपी के विदेशी तस्करों से संबंध
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि नवजोत सिंह विदेशी तस्करों के साथ जुड़ा हुआ था और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और अन्य संदिग्धों के संबंध स्थापित करने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर देहाती पुलिस की विशेष टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर एक अभियान चलाया और मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी को रोका। तलाशी के दौरान, पुलिस ने AK-47 असॉल्ट राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी (जांच) रमनदीप सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह की देखरेख में की गई। इस मामले में असला एक्ट की धारा 25(8) और विस्फोटक पदार्थ एक्ट की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत थाना घरिंडा में मामला दर्ज किया गया है.