अमेरिका और ईरान ने युद्ध विराम की घोषणा की
युद्ध विराम की घोषणा
अगले दो सप्ताह तक एक-दूसरे पर नहीं करेंगे हमले, इजरायल भी हमले रोकने पर राजी, ट्रंप ने पाकिस्तान को दिया युद्ध रुकवाने में मदद करने का श्रेय
वॉशिंगटन/तेहरान : लगभग 40 दिनों के बाद अमेरिका, इजरायल और ईरान ने युद्ध रोकने पर सहमति जताई है। तीनों पक्ष आगामी दो सप्ताह के लिए सीजफायर पर सहमत हुए हैं। इस युद्ध विराम की घोषणा सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की। इसके बाद ईरान और इजरायल ने भी इस फैसले की पुष्टि की।
इस युद्ध विराम के बाद पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है, क्योंकि ईरान ने तुरंत प्रभाव से होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का ऐलान किया है। इससे पिछले एक महीने से फंसे मालवाहक विमान अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे। ईरान की जनता ने भी युद्ध रुकने पर खुशी जाहिर की है।
ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर दो हफ्तों के लिए हमले रोकने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ईरान की तरफ से तुरंत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की शर्त पर बमबारी और हमले दो हफ्ते के लिए स्थगित करने के लिए सहमति दी गई है। ट्रम्प ने यह निर्णय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर की अपील के बाद लिया। उन्होंने कहा कि हमें ईरान से 10 पॉइंट का प्रस्ताव मिला है और दोनों देशों के बीच सभी विवादित मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। अगले दो हफ्ते इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
ईरान का प्रतिक्रिया
ईरान ने भी सीजफायर की पुष्टि की है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने बताया कि आगे की बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी। ईरान ने दो हफ्ते के लिए होर्मुज खोलने की जानकारी दी और अपने नागरिकों से कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय एकता बनाए रखें और जीत का जश्न मनाएं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगले 2 हफ्तों तक होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही होगी।
उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय के जरिए लागू होगी और तकनीकी सीमाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। अराघची ने यह भी कहा कि अगर ईरान पर हमले बंद होते हैं, तो उसकी सेना भी अपनी रक्षात्मक कार्रवाई रोक देगी।