अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस 2025: इतिहास और उत्सव
अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस 2025
अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस 2025: हर साल 4 जुलाई को अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) धूमधाम से मनाया जाता है। यह दिन 1776 में अमेरिका के ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त करने की याद में मनाया जाता है, जब 13 अमेरिकी कॉलोनियों ने मिलकर ब्रिटिश शासन से अलग होने की घोषणा की थी। इसी दिन डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस को आधिकारिक रूप से मंजूरी दी गई थी।
1776 से पहले अमेरिका के पूर्वी हिस्से में 13 ब्रिटिश कॉलोनियां थीं। यहां के निवासियों के पास स्थानीय सरकारें थीं, लेकिन अंतिम निर्णय ब्रिटिश राजा और संसद के पास था। ब्रिटेन द्वारा लगाए गए 'tax without representation' और सैनिकों की उपस्थिति ने कॉलोनियों के लोगों में असंतोष बढ़ा दिया।
इस असंतोष ने अमेरिकी क्रांति (American Revolution) को जन्म दिया। फिर 4 जुलाई 1776 को फिलाडेल्फिया में कॉन्टिनेंटल कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता की घोषणा की और कहा कि अब ये कॉलोनियां स्वतंत्र राज्य हैं।
देश की स्थापना
हालांकि स्वतंत्रता की घोषणा हो गई थी, लेकिन ब्रिटेन के साथ युद्ध कई वर्षों तक चला। 3 सितंबर 1783 को 'ट्रीटी ऑफ पेरिस' के तहत ब्रिटेन ने अमेरिका की स्वतंत्रता को स्वीकार किया। इसके बाद 1788-89 में जॉर्ज वॉशिंगटन अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने, जिससे नए देश को मजबूती मिली।
कैसे बना यह राष्ट्रीय अवकाश
4 जुलाई को अमेरिका में सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व माना जाता है। 1870 में इसे आधिकारिक छुट्टी घोषित किया गया और 1938 में इसे भुगतान वाली छुट्टी में बदल दिया गया। इस दिन अधिकांश सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहते हैं।
जश्न और परंपराएं
अमेरिका में 4 जुलाई को फायरवर्क्स, परेड, मेले, बारबेक्यू, खेल, संगीत कार्यक्रम और पारिवारिक मिलन जैसे कार्यक्रम आयोजित होते हैं। लोग देशभक्ति की भावना के साथ मिलकर स्वतंत्रता और लोकतंत्र के आदर्शों को याद करते हैं.