अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में ईरान के पांच तेल टैंकरों को नष्ट किया
ओमान की खाड़ी में तनाव की स्थिति
वॉशिंगटन/तेहरान: ओमान की खाड़ी में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने ईरान के पांच कच्चे तेल ले जाने वाले टैंकरों को नष्ट करने का दावा किया है। यह कार्रवाई उस हमले के जवाब में की गई, जिसमें ईरान ने दो दिन में दो बार अमेरिकी युद्धपोत पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की थी। सेंटकॉम ने इस जवाबी कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की।
सेंटकॉम ने अपने पोस्ट में लिखा, "8 सितंबर को, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के पांच कच्चा तेल ले जाने वाले जहाजों को नष्ट कर दिया। इससे पहले, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिकी नौसेना के एक युद्धपोत को निशाना बनाने की कोशिश की थी।"
सेंटकॉम का कहना है कि उनका युद्धपोत इन हमलों से सफलतापूर्वक बच निकला और क्षेत्रीय जल में अपनी गश्त जारी रखी। इस घटना में किसी भी अमेरिकी सैनिक को कोई नुकसान नहीं हुआ।
सेंटकॉम ने बताया कि ईरान के हालिया असफल हमलों के जवाब में ओमान की खाड़ी में मौजूद आईआरजीसी के तेल टैंकरों को नष्ट किया गया। इनमें एम/टी कविज, एम/टी चारमीनार, एम/टी होराइजन-1 और एम/टी रिस्को शामिल हैं। इसके अलावा, खार्ग द्वीप के पास मौजूद एम/टी डेर्या को भी निशाना बनाया गया। अमेरिकी बलों ने हमले से पहले जहाजों के चालक दल को सुरक्षित स्थान पर जाने का निर्देश दिया।
अमेरिका का आरोप है कि ईरान इन टैंकरों का उपयोग एक गुप्त नेटवर्क के हिस्से के रूप में करता रहा है, जिससे आईआरजीसी और उससे जुड़े समूहों को वित्तीय सहायता मिलती है। सेंटकॉम ने यह भी कहा कि ईरान के पास इन जहाजों की रक्षा करने का कोई प्रभावी साधन नहीं है।
सेंटकॉम के अनुसार, पांच सितंबर को भी अमेरिकी बलों ने ईरान के तीन तेल टैंकरों को नष्ट किया था। उस समय आईआरजीसी ने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक पर हमला करने की कोशिश की थी। अमेरिका का कहना है कि आईआरजीसी की सभी हमले की कोशिशें अब तक असफल रही हैं।