अमेरिका में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
अमेरिका में भूकंप के झटके
न्यूयॉर्क: अमेरिका के ड्रेक पैसेज क्षेत्र में शुक्रवार को एक शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई है। भूकंप के बाद सुनामी का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 07:46:22 बजे आया। इसका केंद्र अक्षांश 60.26 डिग्री दक्षिण और देशांतर 61.85 डिग्री पश्चिम पर स्थित था। भूकंप की गहराई 36 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई है। यह स्थान ड्रेक पैसेज में आता है।
ड्रेक पैसेज दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका के बीच स्थित है। प्रारंभिक रिपोर्टों में, यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 7.4 कर दिया गया। यह क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यह दक्षिण अमेरिकी और अंटार्कटिक टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने आफ्टरशॉक्स की संभावना जताई है, जिसके चलते क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। ड्रेक पैसेज अपने खतरनाक समुद्री मार्ग और तेज हवाओं के लिए जाना जाता है। इस क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां वैज्ञानिकों के लिए निरंतर अध्ययन का विषय बनी हुई हैं।