अमेरिका में गोलीबारी की घटना, सात लोगों की जान गई
अमेरिका में गोलीबारी की घटना
न्यूयॉर्क- अमेरिका से एक बार फिर से गोलीबारी की चौंकाने वाली खबर आई है। आयोवा के मस्कटाइन में विभिन्न स्थानों पर फायरिंग के बाद संदिग्ध बंदूकधारी सहित सात लोग मृत पाए गए।
मस्कटाइन पुलिस ने जानकारी दी कि सोमवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:12 बजे एक घर में गोलीबारी की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां चार लोग गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें तुरंत मृत घोषित कर दिया गया।
जांच के दौरान, पुलिस ने 52 वर्षीय संदिग्ध की पहचान की, जो अधिकारियों के पहुंचने से पहले घर से भाग गया था। बाद में उसे रिवरफ्रंट ट्रेल पर घायल अवस्था में पाया गया, जहां उसने खुद को गोली मारी। रिपोर्ट के अनुसार, उसे भी मौके पर ही मृत घोषित किया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक अन्य घर और एक स्थानीय बाजार में भी शव मिले। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह गोलीबारी घरेलू विवाद के कारण हुई थी। माना जा रहा है कि सभी मृतक संदिग्ध के परिवार के सदस्य थे। इस घटना ने अमेरिका के लुइसियाना में हुई एक फैमिलिसाइड की याद दिला दी है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने परिवार के कई सदस्यों की हत्या की थी।
लुइसियाना के श्रेवपोर्ट में 19 अप्रैल को एक व्यक्ति ने अपने परिवार के 8 बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मारे गए बच्चों की उम्र 1 से 14 साल के बीच थी। यह घटना भी घरेलू विवाद के कारण हुई थी।