अयोध्या में चंद्र ग्रहण के दौरान राम मंदिर में प्रवेश पर रोक
राम मंदिर में प्रवेश का समय
अयोध्या। चंद्र ग्रहण (Chandra Grahan) के चलते अयोध्या के राम मंदिर (Ram Mandir) में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश 3 मार्च को सुबह 9 बजे से रात 8:30 बजे तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा लिया गया है।
ट्रस्ट द्वारा जारी एक सूचना में बताया गया है कि सुबह 4:00 बजे होने वाली मंगला आरती और 6:30 बजे की श्रृंगार आरती के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद ग्रहण काल शुरू होने पर मंदिर परिसर आम दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया जाएगा।
ग्रहण समाप्त होने के बाद रात 8:30 बजे मंदिर का शुद्धिकरण किया जाएगा। इसके बाद पुनः पट खोले जाएंगे और रात 9:30 बजे होने वाली शयन आरती में श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे।
ट्रस्ट के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि ग्रहण के दौरान मंदिर बंद रहने के कारण उस दिन सामान्य, सुगम एवं विशिष्ट दर्शन पास जारी नहीं किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय का पालन करें।