अलीगढ़ में पिता ने बेटी की हत्या की, प्रेम संबंधों के चलते उठाया कदम
अलीगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को बाइक पर लादकर खेत में ले जाकर दफना दिया। इसके बाद वह घर लौटकर आराम से सो गया। सुबह उठकर उसने बेटी के लापता होने का नाटक किया और पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दी। जब पुलिस को उसके बेतुके बयानों पर संदेह हुआ, तो उन्होंने आरोपी से कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
यह घटना गांव जरारा की है, जहां आरोपी पूरन (45) अपनी पत्नी राजकुमारी (40), दो बेटों समीर (12), सागर (14) और बेटी शिवानी के साथ रहता है। शिवानी का पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। जब आरोपी ने अपनी बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी, तो उसने अपनी बेटी की हत्या करने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी बेटी का पड़ोसी युवक के साथ एक साल से प्रेम संबंध था। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी और उससे शादी करने की जिद पर अड़ी रही। पिछले एक हफ्ते से उसने खाना भी छोड़ दिया था। 17 मई को उसने तेजाब पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय कमरे में बंद कर दिया। जब सब सो गए, तो उसने जाकर बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। मंगलवार तड़के, उसने रस्सी के सहारे शव को बाइक से बांधकर एक किलोमीटर दूर टप्पल के रामकौर के खेत में पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया।
फिलहाल, पुलिस ने लड़की की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर शव को खेत से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सपी देहात के मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटी के प्रेम संबंधों के कारण पिता ने उसकी हत्या की। आगे की कार्रवाई जारी है।