आंध्र प्रदेश में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 लोगों की मौत की आशंका
काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट
काकीनाडा - आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भयंकर विस्फोट और आगजनी की घटना में कम से कम 18 लोगों की जान जाने की आशंका है। इस हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के क्षेत्रों में भी इसकी आवाज सुनाई दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शनिवार दोपहर को काकीनाडा जिले के सामरलाकोटा मंडल में वेटलापालेम-जी. मेडुपाडु के बीच स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मज़दूरों के शव सैकड़ों फीट दूर खेतों में गिर गए। यह फैक्ट्री पेडापुडी रोड पर रहने वाले अडपा नानी के परिवार की बताई जा रही है। धमाके के बाद पूरा क्षेत्र घने धुएं से भर गया।
इस भयानक विस्फोट का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 30 लोग काम कर रहे थे। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार जल्द ही मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा करेगी।
महिलाओं की संख्या अधिक
जानकारी के अनुसार, मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। धमाके के समय फैक्ट्री में 30 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। फैक्ट्री में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने के कारण आग अब भी धधक रही है। बार-बार हो रहे छोटे धमाकों के कारण बचाव कार्य में भी कठिनाई आ रही है। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।