आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के आरोप
भ्रष्टाचार का केंद्र बना एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम
आगरा। योगी सरकार ने यूपी में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, लेकिन खेल विभाग के उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और महिला उत्पीड़न का अड्डा बन गया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (RSO) संजय शर्मा और खेल निदेशक आर.पी. सिंह की संलिप्तता से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। इन अधिकारियों को पता है कि एथलेटिक्स कोच कल्पना चौधरी के शैक्षिक दस्तावेजों में 14 वर्ष का फर्जीवाड़ा है, फिर भी उन्हें अवैध रूप से नौकरी दी जा रही है। यह एक गंभीर जांच का विषय है।
मुख्यमंत्री को शिकायत
इस मामले की शिकायत यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी कांत सिंह ने की है। उन्होंने पत्र में मांग की है कि एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैनात एथलेटिक्स कोच कल्पना चौधरी द्वारा हाईस्कूल मार्कशीट में जन्मतिथि में 14 वर्ष का फर्जीवाड़ा करने के बावजूद उन्हें नौकरी पर बनाए रखने और योग्य महिला प्रशिक्षकों के उत्पीड़न की उच्चस्तरीय जांच की जाए।
फर्जी दस्तावेजों का खुलासा
RSO संजय शर्मा और खेल निदेशक आर.पी. सिंह की जानकारी में कल्पना चौधरी का 14 वर्ष का आयु फर्जीवाड़ा
मुख्य जांच का विषय यह है कि कैसे RSO संजय शर्मा और खेल निदेशक आर.पी. सिंह ने कल्पना चौधरी के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा होने के बावजूद उन्हें नौकरी पर बनाए रखा। उनकी पहली हाईस्कूल मार्कशीट में जन्मतिथि 20/07/1993 दर्ज है, जबकि दूसरी मार्कशीट में जन्मतिथि 07/10/2006 दिखाई गई है।
महिला प्रशिक्षकों का उत्पीड़न
श्री सिंह ने बताया कि ईमानदार महिला प्रशिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जबकि फर्जी दस्तावेज वाली कोच को संरक्षण दिया जा रहा है। अनुसूचित जाति की कोच शशि प्रभा ने RSO संजय शर्मा पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जांच की मांग
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने मांग की है कि कल्पना चौधरी को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए।