आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर श्रद्धांजलि
नई दिल्ली: भूदान आंदोलन के संस्थापक, स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक, भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, एस. जयशंकर और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आचार्य विनोबा भावे का जीवन त्याग, साधना और लोकसेवा का अद्भुत उदाहरण है। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भाग लिया और ग्राम स्वराज, आत्मनिर्भरता, अहिंसा तथा सामाजिक पुनर्निर्माण को अपने जीवन का मुख्य उद्देश्य बनाया। स्वतंत्रता के बाद, उन्होंने भूमि के असमान वितरण और ग्रामीण समस्याओं को समझते हुए 'भूदान आंदोलन' की शुरुआत की। उनका उद्देश्य था कि भूमिसंपन्न लोग स्वेच्छा से अपनी भूमि का एक हिस्सा भूमिहीन परिवारों को दें, जिससे समाज में आर्थिक असमानता कम हो सके। यह पहल बाद में एक व्यापक 'भूदान-ग्रामदान आंदोलन' में विकसित हुई।"
ओम बिड़ला ने आगे कहा, "विनोबा भावे का मानना था कि सामाजिक परिवर्तन केवल कानून और सत्ता के माध्यम से नहीं, बल्कि व्यक्ति के हृदय परिवर्तन और स्वैच्छिक सहयोग से भी संभव है। इसी विचार के साथ उन्होंने देशभर में पदयात्राएँ कीं और लोगों को अहिंसा, सहयोग, त्याग तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।"
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा, "महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रख्यात समाज सुधारक, 'भूदान आंदोलन' के प्रणेता, 'भारत रत्न' आचार्य विनोबा भावे जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण नमन करता हूं। आपके ओजस्वी विचार और आदर्श जीवन सदैव हम सबका मार्गदर्शन करते रहेंगे।"
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने लिखा, "आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले, गांधीवादी, भूदान आंदोलन के नेता और भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।"
केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, "महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व भूदान आंदोलन के प्रणेता भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनका त्यागमय जीवन, विचार और निःस्वार्थ समाज सेवा का संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "भूदान आंदोलन के माध्यम से सामाजिक न्याय और करुणा का संदेश देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी 'भारत रत्न' आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, "सत्य, अहिंसा और सर्वोदय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक, 'भारत रत्न' आचार्य विनोबा भावे जी की जयंती पर कोटिशः नमन।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, "भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, 'भूदान आंदोलन के प्रणेता,' भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे जी की जयंती पर सादर नमन।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, "भूदान आंदोलन के प्रणेता, भारत रत्न से सम्मानित आचार्य विनोबा भावे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन!"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "स्वतंत्रता सेनानी, भूदान आंदोलन के प्रणेता, भारत रत्न, आचार्य विनोबा भावे जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं।"