आजम खान को मिला नया झटका, जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों पर हो सकती है कार्रवाई
रामपुर में आजम खान की मुश्किलें बढ़ीं
रामपुर। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में उन्हें एक और बड़ा झटका लगा है। मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए गए 38 भवनों पर बुलडोजर की कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है। आज की सुनवाई में प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत दलीलों को असंतोषजनक मानते हुए खारिज कर दिया गया है।
रामपुर विकास प्राधिकरण ने मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के सचिव और जौहर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को नोटिस जारी करते हुए आठ जुलाई तक संबंधित 38 भवनों के नक्शे आदि प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। जौहर विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत जवाब के बाद आरडीए ने व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया, जो बुधवार 15 जुलाई को निर्धारित थी।
सूत्रों के अनुसार, सुनवाई के बाद अब आरडीए अवैध घोषित भवनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। ध्वस्तीकरण से संबंधित आदेश जल्द ही जारी किए जा सकते हैं।