×

आजमगढ़ में स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए अमूल्य जीवन संस्था का अनूठा कार्यक्रम

आजमगढ़ में अमूल्य जीवन संस्था ने 'पैड यात्रा' कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जागरूकता का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया गया। संस्था ने अब तक 20,000 से अधिक महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर जोर दिया।
 

स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता


आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी अमूल्य जीवन संस्था ने आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा में "पैड यात्रा–सफर स्वच्छ सोच का" और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम की मेज़बानी भाजपा मंडल महामंत्री जयदीप श्रीवास्तव ने की, जबकि अध्यक्षता अमूल्य जीवन संस्था की निदेशिका मोनिका मकराडिया ने की।


इस अवसर पर मोनिका मकराडिया ने महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) और स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने "एक रुपया–एक पैड" अभियान को बढ़ावा देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर महिलाओं को केवल एक रुपये में सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



उन्होंने बताया कि यह अभियान 28 मई 2024 को "विश्व मासिक धर्म दिवस" के अवसर पर शुरू किया गया था। अब तक, संस्था ने 6 राज्यों में लगभग 20,000 महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए हैं।


कार्यक्रम में बताया गया कि "पैड यात्रा–सफर स्वच्छ सोच का" दिसंबर 2025 में लखनऊ से शुरू हुई थी, जिसने लखनऊ से केरल तक के विभिन्न राज्यों को कवर किया है और यह यात्रा अभी भी जारी है। इसका उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है।


इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राहुल सिंह, जयदीप श्रीवास्तव, भाजपा मंडल महामंत्री पल्हना, अजय कुमार सिंह, प्रधानाचार्य शिशु शिक्षा निकेतन, अभिषेक चौरसिया, नजमा बेगम, मजूददीन, निशा, इंदु देवी, गिरजा, हमीददुनिशा, शबनम आदि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।