इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक विस्फोट से हड़कंप, कई यात्री घायल
चंडीगढ़ में इंडिगो फ्लाइट का हादसा
चंडीगढ़। गोवा से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की एक उड़ान में मंगलवार को लैंडिंग के समय एक गंभीर घटना घटित हुई। उड़ान के दौरान एक मोबाइल पावर बैंक फट गया, जिससे हड़कंप मच गया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। यह उड़ान संख्या 6E108 थी, और घायलों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
पावर बैंक में आग लगने के बाद हुआ धमाका
सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट में 39-एफ सीट पर बैठे एक यात्री के पावर बैंक में लैंडिंग के समय अचानक आग लग गई। उन्होंने इसकी सूचना क्रू मेंबर्स को दी, लेकिन तब तक पावर बैंक फट गया। यह विमान दोपहर 3:32 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरा और लगभग 3:35 बजे पावर बैंक में विस्फोट हुआ।
भगदड़ में महिला को लगी चोट
पावर बैंक के विस्फोट के बाद विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान इमरजेंसी गेट खुल गया और कुछ यात्री बाहर निकलने लगे। भगदड़ के कारण एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके पैर में चोट आई है। उसे इलाज के लिए जीरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका ऑपरेशन चल रहा है।