इंडोनेशिया में लापता यात्री जहाज की खोज जारी, 240 लोग सवार
इंडोनेशिया में लापता यात्री जहाज
इंडोनेशिया में लापता यात्री जहाज: एक यात्री जहाज, जिसमें 240 लोग सवार थे, अचानक लापता हो गया है। जहाज का संपर्क टूटने के बाद उसकी खोज जारी है। रविवार को इंडोनेशियाई बचाव दल ने इस जहाज की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। यह जहाज पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन प्रांत की ओर जा रहा था, जब इसका संपर्क जावा सागर में टूट गया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बंजरमासिन शहर में स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस ने बताया कि उन्हें रविवार तड़के लगभग 2 बजे 'वर्गो ट्रांसपोर्ट 8' जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिली। यह जहाज सुराबाया से बंजरमासिन के लिए रवाना हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज की अंतिम ज्ञात स्थिति जावा सागर में थी, जो बंजरमासिन के एक घाट से लगभग 148 किलोमीटर (92 मील) दूर थी।
जहाज के मैनिफेस्ट के अनुसार, इसमें 241 यात्री सवार थे। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। जहाज के ऑपरेटर, PT Virgo Yoel Rihi ने संपर्क टूटने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:13 बजे सुराबाया से रवाना हुआ था। इसके बाद बंजारमासिन के बसिरिह सर्च एंड रेस्क्यू पियर पर एक बचाव दल भेजा गया।
एक बचाव जहाज को 'Virgo Transport 8' की अंतिम ज्ञात संभावित जगह की ओर रवाना किया गया। सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने एक वीडियो ब्रीफिंग में कहा, "जहाज के ऑपरेटर ने खराब मौसम का सामना करने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी।" उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी उपलब्ध कर्मचारियों और संसाधनों को जुटा रहे हैं, क्योंकि जहाज में बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
उन्होंने यह भी बताया कि एजेंसी खोज अभियान में समुद्री अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है, साथ ही इलाके में मौसम की स्थिति पर भी बारीकी से नज़र रख रही है।