इंडोनेशियाई महिला की भारत में फर्जी पहचान के साथ गिरफ्तारी
सोनौली सीमा पर गिरफ्तारी
महराजगंज :: भारत-नेपाल की सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इमिग्रेशन विभाग ने एक इंडोनेशियाई महिला को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी भारतीय पहचान के सहारे भारत में रह रही थी। महिला 2005 में भारत आई थी और उसने ली किम लियन नाम से कई सरकारी दस्तावेज जैसे वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड बनवाए थे। उसके पास से इंडोनेशियाई पासपोर्ट के साथ-साथ चीन और जापान के वीजा भी बरामद हुए हैं।
महिला ने मंगलवार, 10 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में दस्तावेज प्रस्तुत किए। उसने भारतीय वोटर आईडी कार्ड दिखाया, जिसमें उसका नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। हालांकि, उसकी हिंदी बोलने की शैली और हावभाव पर संदेह होने पर अधिकारियों ने गहन पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना इंडोनेशियाई पासपोर्ट दिखाया, जिसमें उसका नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज थी।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला 2005 से भारत में रह रही थी और उसने फर्जी पहचान के आधार पर भारतीय दस्तावेज तैयार करवा लिए थे। उसका इंडोनेशियाई पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि उसके मल्टीपल एंट्री रोजगार वीजा की वैधता 9 नवंबर 2026 तक है।
जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने भारत में रहते हुए चीन, जापान और ताइवान सहित कई देशों की यात्रा की है। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी। पूछताछ में यह जानकारी भी मिली कि वह कोलकाता में एक एनजीओ के माध्यम से फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के संपर्क में थी और भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए तकनीकी सहायता प्रदान कर रही थी। हालांकि, उसके संपर्कों और गतिविधियों की वास्तविक भूमिका की जांच की जा रही है।
इमिग्रेशन विभाग ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस को सौंप दिया है।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की रात 11:59 बजे महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, उनका असली के रूप में इस्तेमाल करने और आव्रजन एवं विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस महिला के भारत में रहने की अवधि, फर्जी दस्तावेजों के निर्माण, विदेश यात्राओं और उसके संपर्कों की विस्तृत जांच कर रही है।