इटली में दो सिख सेवादारों की हत्या, पुलिस जांच जारी
इटली में सिख सेवादारों की हत्या
बर्गामो: इटली के कोवो में शुक्रवार रात को गुरुद्वारा साहिब के बाहर दो सिख सेवादारों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय राजिंद्र सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से गुरुद्वारा में सेवा कर रहे थे।
जब दोनों सेवादार गुरुद्वारा साहिब के प्रवेश द्वार पर थे, तभी एक कार में सवार हमलावरों ने उन पर लगभग 10 राउंड गोलियां चलाईं। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल सेवादारों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में पता चला है कि हमलावर भारतीय मूल के हो सकते हैं और यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। बैसाखी के अवसर पर नगर कीर्तन का आयोजन होना था, जिसे इस घटना के कारण रद्द कर दिया गया है। राजिंद्र सिंह के तीन बच्चे और गुरमीत सिंह के दो बच्चे हैं।