इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश का मामला, एक संदिग्ध गिरफ्तार
इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश का खुलासा
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप के खिलाफ हत्या की एक संभावित साजिश का मामला सामने आया है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने इस संदर्भ में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है। वह इराक का नागरिक बताया जा रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह ईरान की सेना की इकाई ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) से जुड़ा हुआ है और उसने अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की योजना बनाई थी।
कासिम सुलेमानी की मौत छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान हुई थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी ने ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की योजना इसी घटना के बाद से बनाई थी।
जांच के दौरान, सुरक्षा एजेंसियों को आरोपी के पास से फ्लोरिडा में इवांका ट्रंप के निवास से संबंधित दस्तावेज और नक्शे मिले हैं। अधिकारियों का दावा है कि वह काफी समय से ट्रंप परिवार की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
वॉशिंगटन में इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने मीडिया से कहा कि सुलेमानी की मौत के बाद आरोपी ट्रंप परिवार के खिलाफ हिंसक बयान देता था। हालांकि, अमेरिकी एजेंसियों ने इस मामले में अभी तक आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।