ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ती तनाव के बीच सऊदी अरब पर मिसाइल हमला
सऊदी अरब की रिफाइनरी पर हमला
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का दायरा बढ़ता जा रहा है। ईरान होर्मुज की खाड़ी में हमले कर रहा है, जबकि उसके प्रॉक्सी संगठन अमेरिका के सहयोगी देशों के तेल संयंत्रों को भी निशाना बना रहे हैं। हाल ही में, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जजान में स्थित अरामको रिफाइनरी पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया है।
यह रिफाइनरी सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक है, जो प्रतिदिन लगभग चार लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है। यह लाल सागर के किनारे स्थित है, जो सऊदी अरब के ऊर्जा और तेल निर्यात नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यमन के हूती संगठन इस क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। हाल ही में, सऊदी अरब ने यमन में हूती ठिकानों पर हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में हूतियों ने सऊदी के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाने का दावा किया है।
सोशल मीडिया पर रिफाइनरी से निकलते धुएं और आग के वीडियो भी सामने आए हैं। हालांकि, सऊदी सरकार या अरामको ने अभी तक रिफाइनरी पर मिसाइल लगने या किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यदि अरामको को नुकसान होता है और उत्पादन प्रभावित होता है, तो वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहरा सकता है।
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि उनकी नौसेना ने पिछले 24 घंटों में होर्मुज की खाड़ी से गुजरने की कोशिश कर रहे चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। आईआरजीसी ने बताया कि इन जहाजों ने अपना रास्ता बदल लिया।