×

ईरान के नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति, इजराइल ने दी चेतावनी

ईरान में नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति बन गई है, लेकिन आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इजराइल ने चेतावनी दी है कि खामेनेई के उत्तराधिकारियों को निशाना बनाया जाएगा। इस बीच, दुबई में मिसाइल के मलबे में मारे गए पाकिस्तानी नागरिकों के शव स्वदेश लाए जाएंगे। यूएई में ईरानी हमलों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। जानें इस जटिल स्थिति के बारे में और अधिक जानकारी।
 

उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में शामिल लोगों को भी बनाया जाएगा निशाना


तेल अवीव/तेहरान: ईरान में नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति बन गई है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम लीडर चुनने वाली संस्था, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने योग्य उम्मीदवार का चयन कर लिया है। इस संस्था के सदस्य मोहसिन हेदरी ने बताया कि बहुमत से एक उम्मीदवार को मंजूरी दी गई है।


संस्थान के एक अन्य सदस्य मोहम्मद मेहदी मीरबाघेरी ने भी इस बात की पुष्टि की है। दूसरी ओर, इजराइली सेना ने चेतावनी दी है कि अयातुल्ला अली खामेनेई के संभावित उत्तराधिकारियों को निशाना बनाया जाएगा। कऊऋ ने कहा कि उत्तराधिकारी चयन प्रक्रिया में शामिल व्यक्तियों को भी लक्ष्य बनाया जा सकता है। इस बीच, यूएस-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष में अब तक 1701 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इजराइल के 1765 लोग घायल हुए हैं।


दुबई में मारे गए नागरिकों के शव वापस लाएगा पाकिस्तान

दुबई में मिसाइल के मलबे में मारे गए दो पाकिस्तानी नागरिकों के शव पाकिस्तान वापस लाए जाएंगे। इस मामले में पाकिस्तान सरकार यूएई अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बताया कि यूएई में पाकिस्तान के राजनयिक मिशन दुबई प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि मृतकों के शवों को जल्द से जल्द स्वदेश लाया जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि पाकिस्तानी मिशन दुबई अधिकारियों के साथ मिलकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं और शवों की वापसी की प्रक्रिया को सुगम बनाने में जुटे हैं।


यूएई पर ईरानी हमलों में 4 की मौत

संयुक्त अरब अमीरात में ईरान के हमलों में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों के बाद ईरान ने पड़ोसी देशों पर जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप यूएई में चार विदेशी नागरिकों की मौत हुई।