ईरान के नेता खामेनेई की हत्या पर वैश्विक शिया समुदाय का विरोध प्रदर्शन
ईरान के सुप्रीम लीडर के निधन पर प्रदर्शन
नई दिल्ली। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की हत्या के खिलाफ विश्वभर में शिया समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से लेकर कराची और लाहौर तक प्रदर्शन हुए, जबकि भारत में जम्मू कश्मीर से लेकर भोपाल तक लोग सड़कों पर उतरे। अमेरिका और ब्रिटेन में भी लोगों ने विरोध जताया, जहां कई स्थानों पर अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान ने खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया और अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की।
पाकिस्तान में उग्र प्रदर्शन
कराची में, प्रदर्शनकारियों ने इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारे लगाते हुए अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में घुसने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों की फायरिंग में 12 से अधिक लोगों की मौत की सूचना है, और कई अन्य घायल हुए हैं। लाहौर में भी अमेरिका के वाणिज्य दूतावास के बाहर उग्र प्रदर्शन हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दूतावास के अंदर से उन पर गोलियां चलाई गईं। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र संघ के कार्यालय में आग लगा दी।
भारत में शिया समुदाय का विरोध
भारत के विभिन्न हिस्सों में भी अमेरिका और इजराइल के खिलाफ प्रदर्शन हुए। कर्नाटक के चिक्कमगलूरु में ऑल इंडिया शिया काउंसिल के सदस्यों ने खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। अजमेर के शिया समुदाय ने खामेनेई की मौत पर तीन दिन का शोक मनाने की घोषणा की है। समुदाय के नेता सैयद आसिफ अली ने लोगों से अपील की कि वे इस दौरान मातम मनाएं और किसी भी प्रकार के जश्न या कार्यक्रम से दूर रहें। जम्मू कश्मीर में शिया समुदाय ने एक बड़ा जुलूस निकालकर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ प्रदर्शन किया। नई दिल्ली में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला, जबकि लखनऊ में भी प्रदर्शन हुए।