ईरान के सुरक्षा प्रमुख और इंटेलिजेंस मंत्री की मौत से हड़कंप
ईरान में सुरक्षा और इंटेलिजेंस के प्रमुखों की मौत
नई दिल्ली। ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी के निधन के बाद अब देश के इंटेलिजेंस मंत्री इस्माइल खातिब की भी मौत हो गई है। इजराइल ने खातिब की हत्या का आरोप लगाया था, जिसे बुधवार को ईरान ने स्वीकार कर लिया। लारीजानी और खातिब की मौत ने ईरान की सुरक्षा और इंटेलिजेंस ढांचे को गंभीर झटका दिया है। हालाँकि ईरानी सेना का ढांचा मजबूत है, लेकिन अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद ये दोनों व्यक्ति युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।
बुधवार को तेहरान में अली लारीजानी का अंतिम संस्कार हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस बीच, लारीजानी के करीबी सहयोगी ने बताया कि उन्हें अपनी मौत की आशंका थी। सहयोगी ने कहा कि जब उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें मार दिया जाए तो संदेश कैसे शुरू किया जाए, तो लारीजानी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'लिखना कि खुदा का बंदा, खुदा के पास लौट गया।'
इस बीच, रूस ने अली लारीजानी की हत्या की कड़ी निंदा की है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि किसी भी संप्रभु देश के नेतृत्व को निशाना बनाना गलत है और ऐसी कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि रूस उन सभी प्रयासों की निंदा करता है, जिनका उद्देश्य किसी देश के नेताओं को नुकसान पहुंचाना या समाप्त करना हो।