उत्तर-पश्चिम भारत में लू का अलर्ट, मानसून की जल्द एंट्री
जल्द मिलेगी राहत, मानसून की एंट्री
नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की सक्रियता से अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत में लू का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 29 जून को उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू और भीषण लू की चेतावनी दी है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 30 जून तक लू चलने की संभावना है।
बिहार में भी 28 और 29 जून को लू की स्थिति बनी रह सकती है। राजस्थान के फलोदी में शनिवार को देश का सबसे अधिक तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 30 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में बदलाव आएगा, जिससे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
मानसून की तेजी से बढ़ती सक्रियता
मानसून देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कई राज्यों में तबाही भी देखने को मिल रही है। पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सिक्किम और असम में पुल बह गए हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन के कारण सात जिलों का सड़क संपर्क टूट गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। हालांकि, आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में मानसून के आगे बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। अगले पांच दिनों में पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
जल्द ही इन राज्यों में पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी मानसून पहुंचने की संभावना है।