उत्तर-पश्चिम भारत में लू की मार: तापमान 45 डिग्री पार
गर्मी से बेहाल उत्तर-पश्चिम भारत
कई जगह पारा 45 डिग्री पार, राहत की कोई उम्मीद नहीं
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश राज्य लू और गर्मी से प्रभावित हैं। कई स्थानों पर तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है, और लू के थपेड़े सहन करना सभी के लिए मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक लू और गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। मध्य भारत के पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी गर्म हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की उम्मीद है।
बांदा: देश का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार को 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज 45.7 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे स्थान पर रहा। कोटा और चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री तापमान देखा गया। पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी का असर जारी है।
हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रोहतक में 43.6 डिग्री, भिवानी और सिरसा में 43-43 डिग्री, हिसार और करनाल में 42.2 डिग्री, अंबाला में 41.6 डिग्री और गुरुग्राम में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा 43.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
गर्मी से रात में भी राहत नहीं
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरम रात की स्थिति बनी हुई है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर है। इससे रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह से अलग है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल से 2 मई तक तेज बारिश का अनुमान है। कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।