उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: सपा और भाजपा की रणनीतियाँ
चुनाव की तैयारी का अंतिम चरण
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो फरवरी में चुनाव होंगे और मार्च के पहले सप्ताह में परिणाम घोषित किए जाएंगे, जैसा कि पिछले चुनाव में हुआ था। इस बार सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के चयन में जुटे हुए हैं। यह चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। यदि सपा लगातार तीसरी बार हारती है, तो उसके कैडर और वोट बैंक में बिखराव हो सकता है। वहीं, भाजपा की हार से केंद्र की सरकार भी संकट में आ सकती है। इसलिए दोनों पार्टियां चुनावी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं।
सपा का प्रभाव लगभग एक सौ सीटों पर है, जिसमें मुस्लिम बहुल क्षेत्र जैसे रामपुर और मुरादाबाद शामिल हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सहारनपुर, बिजनौर, और कैराना जैसी सीटें भी मुस्लिम बहुल हैं। इसके अलावा, मुलायम सिंह के परिवार का प्रभाव कन्नौज, मैनपुरी, और इटावा में भी है। इन सीटों पर मुस्लिम और यादव मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भाजपा इन सीटों पर पहले उम्मीदवार नहीं उतारेगी और सपा के उम्मीदवारों का इंतजार करेगी।
जानकारों का मानना है कि भाजपा उन सीटों पर गैर यादव पिछड़ा या सामान्य वर्ग का उम्मीदवार उतारेगी, जहां सपा मुस्लिम और यादव उम्मीदवार खड़ा करेगी। भाजपा को यह समझ है कि इस बार उम्मीदवार की जाति चुनाव में महत्वपूर्ण होगी।
इसके अलावा, जिन सीटों पर सपा गैर यादव पिछड़ा उम्मीदवार उतारेगी, वहां भाजपा सवर्ण या दलित उम्मीदवार दे सकती है। कुछ जानकारों का कहना है कि भाजपा यादव उम्मीदवार भी उतार सकती है, लेकिन इसकी संभावना कम है। इस बार यादव और मुस्लिम वोटों के टूटने की संभावना बहुत कम है। सपा भी इस बार यादव और मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या कम रख सकती है। अखिलेश यादव गैर यादव पिछड़ों, दलितों और सवर्ण जातियों को अधिक टिकट देने की योजना बना रहे हैं।
भाजपा के नेता इस बार सपा के बागियों पर भी नजर रखे हुए हैं, खासकर उन क्षेत्रों में जहां सपा का मजबूत आधार है। ऐसे लगभग एक सौ सीटों पर सपा से टिकट के कई दावेदार हैं। जिनको टिकट नहीं मिलेगी, उनमें से किसी मजबूत उम्मीदवार को भाजपा अपनी पार्टी से उतार सकती है। इस बार टिकट वितरण सभी पार्टियों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है।