उत्तर भारत में बर्फबारी और ठंड का कहर, कोहरे से जनजीवन प्रभावित
कोहरे के कारण जनजीवन पर असर
अभी राहत की कोई उम्मीद नहीं, उत्तर भारत में कोहरा जानलेवा बन रहा है
उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विभाग ने 23 जनवरी तक इसी तरह के मौसम की भविष्यवाणी की है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश से लेकर कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। वहीं, मैदानों में कोहरा और शीत लहर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। हाल ही में कोहरे के कारण उत्तर प्रदेश से पंजाब तक कई सड़क हादसे हुए, जिसमें कई लोगों की जान चली गई।
ट्रेन सेवाओं पर असर
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के बीच कोहरे का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। इसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। दिल्ली से आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिनमें राजधानी और शताब्दी ट्रेनें भी शामिल हैं। कई उड़ानों में भी देरी हुई। सड़क पर वाहन धीमी गति से चल रहे थे और उत्तर प्रदेश तथा पंजाब में कई स्थानों पर वाहन टकरा गए, जिसमें 17 लोगों की जान गई। अगले छह दिनों तक मौसम में कोई बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, देर रात और सुबह के समय पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड के कई स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। श्रीनगर, अमृतसर, अंबाला, आगरा एयरफोर्स स्टेशन, मुरादाबाद, अलीगढ़, सरसावा और हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य मीटर रही। मेरठ में 10, बरेली में 20, अलीगढ़ में 25, बलिया में 20, लखनऊ में 50, अयोध्या में 75, करनाल में 20, हिसार में 40 और फरीदकोट में 15 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड की गई।
न्यूनतम तापमान की स्थिति
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी रही। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस हरियाणा के नारनौल में दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में 4.4 डिग्री, दिल्ली में 4.4 डिग्री, एनसीआर के गाजियाबाद में 5.5, गुरुग्राम में 3.8 और फरीदाबाद में 8.2 डिग्री, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 3.5 डिग्री और राजस्थान के अलवर में 5.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।