उत्तराखंड में टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री धामी का रेस्क्यू अभियान का दौरा
मुख्यमंत्री धामी का अस्पताल दौरा
उत्तराखंड: मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की प्रगति का जायजा लेने के बाद जिला अस्पताल गोपेश्वर जाकर घायल श्रमिकों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य और उपचार के बारे में जानकारी ली और अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में चिकित्सकों से भी चर्चा की।
उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी की जानी चाहिए और आवश्यकतानुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की जान हमारे लिए अनमोल है। इसके लिए सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना देने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उन्होंने बातचीत की है। इसके अलावा, टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इस मौके पर बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल और अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।