ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बाहरी ताकतों पर साधा निशाना
अनिल विज का बयान
चण्डीगढ़/ चंद्र शेखर धरणी : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने दिल्ली में सीजेपी और अन्य राजनीतिक दलों के प्रदर्शनों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पहले भी यह स्पष्ट किया था कि कुछ बाहरी शक्तियां भारत की शांति को भंग करने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही हैं। विज ने सवाल उठाया कि ये सभी लोग एक ही दिन दिल्ली में कैसे इकट्ठा होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार है जब उन्होंने देखा कि ये लोग अदालत के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य न्यायालयों पर दबाव डालना है ताकि निर्णय उनके पक्ष में आए। राहुल गांधी और अन्य दलों ने न्यायालय की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
विज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस तरह के कार्यों से सत्ता नहीं, बल्कि जेल मिलती है। उन्होंने बताया कि अदालत ने पहले ही नोटिस जारी किया है और यह लोग सुप्रीम कोर्ट को डराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट किसी भी दबाव में नहीं आएगा और हमारी न्यायपालिका निष्पक्ष रूप से कार्य कर रही है।
इसके अलावा, अनिल विज ने बताया कि गांव ब्राह्मण माजरा, अम्बाला छावनी में एक आधुनिक डेयरी काम्पलेक्स के निर्माण के लिए 21 एकड़ भूमि पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है और इसके नक्शे भी पास हो चुके हैं। इस डेयरी काम्पलेक्स में पशुओं के लिए अलग क्षेत्र होगा और गवालों के लिए आराम करने के लिए रेस्ट हाउस भी होगा। उन्होंने कहा कि डेयरी काम्पलेक्स तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए टांगरी नदी पर नया पुल बनाया जाएगा, जो एकता विहार के निकट होगा। पुल बनाने का टेंडर हो चुका है, हालांकि कुछ अड़चनों के कारण काम रुक गया था, लेकिन यह जल्द ही शुरू होगा। विज ने कहा कि इस डेयरी काम्पलेक्स में शहर की सभी डेयरियों को एक स्थान पर लाया जाएगा।