एनआईए ने पहलगाम आतंकवादी हमले में हाफिज सईद को आरोपी बनाया
एनआईए की नई चार्जशीट में हाफिज सईद का नाम
नई दिल्ली। पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक पूरक आरोपपत्र प्रस्तुत किया है। इस दस्तावेज में एनआईए ने स्पष्ट किया है कि इस हमले की साजिश लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद ने तैयार की थी। पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए इस हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत एक सैन्य अभियान चलाया था।
एनआईए ने अपने पूरक आरोपपत्र में हाफिज सईद पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया है। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2025 को आतंकवादियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 पर्यटकों की धर्म पूछकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने 6 और 7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ ठिकानों पर हमला किया गया। भारत का दावा है कि इस कार्रवाई में एक सौ से अधिक आतंकवादी मारे गए।
हालांकि, एनआईए ने इस मामले की जांच शुरू करने के बाद 15 दिसंबर 2025 को पहला आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें पाकिस्तान के आतंकवादी साजिद जट सहित छह आतंकियों को आरोपी बनाया गया था। उस समय हाफिज सईद का नाम सामने नहीं आया था। ध्यान देने योग्य बात यह है कि पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकवादी मारे जा चुके हैं।