एफएसएसएआई ने भ्रामक खाद्य लेबलिंग के खिलाफ कार्रवाई की
खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई
नई दिल्ली - भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने हाल ही में कई खाद्य कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। इन कंपनियों पर आरोप है कि वे भ्रामक ब्रांडिंग और उत्पाद संबंधी दावों के माध्यम से लेबलिंग नियमों का उल्लंघन कर रही हैं।
इस संदर्भ में, खाद्य सुरक्षा नियामक ने कई फूड बिजनेस ऑपरेटरों (एफबीओ) को नोटिस जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि वे 'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006' के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे हैं। सरकारी एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "एफएसएसएआई ने कई फूड बिजनेस ऑपरेटरों को नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस भ्रामक ब्रांड नामों, ट्रेड नामों और उत्पाद के दावों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के कारण जारी किए गए हैं।"
जिन कंपनियों को नोटिस भेजे गए हैं, उनमें हेल्दी मास्टर, न्यूहर्ब्स ट्रू विटामिन, प्लांट बी, द हेल्थ फैक्ट्री, ट्रूवी, हेल्दी चॉइस, इमामी का हेल्दी एंड टेस्टी और हेल्थ ऐड शामिल हैं। इसके अलावा, ऑर्गेनिक विजडम, शाइन ऑर्गेनिक, टू ब्रदर्स ऑर्गेनिक फार्म्स, स्टोरिया, वर्ल्ड ऑफ ऑर्गेनिक और आयोटा वॉटर को भी नोटिस जारी किए गए हैं। एफएसएसएआई ने इन फूड बिजनेस ऑपरेटरों को निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों को गुमराह होने से बचाने के लिए लेबलिंग और डिस्प्ले से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें।
नियामक के अनुसार, उपरोक्त ब्रांड जो ट्रेड नाम का उपयोग करते हैं, वे ग्राहकों को गुमराह कर सकते हैं; क्योंकि ये नाम उनके उत्पादों की प्रकृति या स्वास्थ्य संबंधी फायदों के बारे में गलत जानकारी प्रदान करते हैं। एफएसएसएआई ने हेल्दी मास्टर, द हेल्थ फैक्ट्री, हेल्दी चॉइस, इमामी के हेल्दी एंड टेस्टी और हेल्थ ऐड के उत्पादों के नामों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे ट्रेड नाम लागू नियमों का उल्लंघन करते हैं।
रेगुलेटर ने ट्रूवी के “हेल्थी मिक्स” चिप्स पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि “हेल्दी” शब्द का उपयोग गुमराह करने वाला हो सकता है, क्योंकि उत्पाद में ऐसी अन्य सामग्री भी हैं जो इस दावे को सही नहीं ठहरातीं। न्यूहर्ब्स ट्रू विटामिन के मामले में, एफएसएसएआई ने कहा कि “ट्रू विटामिन” शब्द मौजूदा नियमों के तहत न तो परिभाषित है और न ही मान्यता प्राप्त है। इससे ग्राहकों के मन में उत्पाद की खूबियों को लेकर गलतफहमी पैदा हो सकती है।
रेगुलेटर ने “प्लान बी प्लांट बेस्ड वीगन” ट्रेड नाम की भी जांच की और पाया कि इससे ऐसा लगता है कि ये उत्पाद सर्टिफाइड वीगन हैं। हालांकि, एफएसएसएआई ने पाया कि कंपनी ने वीगन फूड प्रोडक्ट के लिए पहले से मंजूरी नहीं ली थी और न ही अपने लाइसेंस में जरूरी वीगन फूड एंडोर्समेंट लिया था। इसके अलावा, एफएसएसएआई ने ऑर्गेनिक विजडम, शाइन ऑर्गेनिक और टू ब्रदर्स ऑर्गेनिक फार्म्स को उनके ब्रांड नामों में “ऑर्गेनिक” शब्द के इस्तेमाल को लेकर नोटिस जारी किए।
रेगुलेटर ने कहा कि ये नाम उत्पाद के ऑर्गेनिक स्टेटस के बारे में ग्राहकों को गुमराह कर सकते हैं। एफएसएसएआई के अनुसार, इन कंपनियों के पास नियमों के तहत जरूरी सर्टिफिकेशन, 'जैविक भारत' लोगो या जरूरी ऑर्गेनिक एंडोर्समेंट नहीं थे। इसने आगे कहा, "एफबीओ को निर्देश दिया जाता है कि वे ग्राहकों को गुमराह होने से बचाने के लिए लेबलिंग और डिस्प्ले से जुड़े तय नियमों का सख्ती से पालन करें।"