एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी समस्या, कोलकाता में यात्रियों को उतारा गया
कोलकाता में एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी
कोलकाता: अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान दुर्घटना के बाद एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई की ओर जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को कोलकाता में यात्रियों से खाली कराना पड़ा। इस फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को विमान से उतारना आवश्यक हो गया।
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट पर टेक ऑफ के बाद एक इंजन में खराबी का पता चला। फ्लाइट एआई180 रात लगभग 12:45 बजे कोलकाता पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में समस्या के चलते उड़ान में देरी हुई। सुबह लगभग 5:20 बजे, पायलट ने सभी यात्रियों को विमान से उतरने के लिए कहा, यह निर्णय उड़ान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।
इससे पहले, सोमवार को एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में भी तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण एआई 315 फ्लाइट को दिल्ली के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद हांगकांग लौटना पड़ा।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, "एआई 315 फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर चुकी है और सभी यात्रियों की सहायता की जा रही है।" एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट ने उड़ान के दौरान संभावित समस्या का पता लगाते ही एहतियात के तौर पर विमान को वापस लौटाने का निर्णय लिया। विमान हांगकांग में सुरक्षित तरीके से उतरा और इसकी जांच की जा रही है।
12 जून को एयर इंडिया की एक फ्लाइट अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें 242 में से 241 लोगों की जान चली गई थी। यह विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गया और उसमें आग लग गई। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी उस फ्लाइट में सवार थे और उनका भी निधन हो गया।