ओमान के तट पर भारतीय जहाज पर हमले में एक नाविक की मौत, 13 सुरक्षित
ओमान के तट पर जहाज पर हमला
नई दिल्ली: ओमान के तट के निकट एक भारतीय झंडे वाले कार्गो जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई, जबकि जहाज पर मौजूद 13 अन्य नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि हमले का शिकार जहाज का नाम MSV Al Jusufi है। यह जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था, जब किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने उस पर हमला किया। घटना के बाद ओमान के कोस्ट गार्ड ने बचाव अभियान चलाकर 13 नाविकों को सुरक्षित निकाला। हालांकि, एक नाविक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान गुजरात निवासी गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
सोनोवाल ने आगे बताया कि शिपिंग मंत्रालय और ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। सुरक्षित बचाए गए 13 नाविकों को तुरंत सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही सभी जीवित नाविकों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है।
अमेरिका-ईरान संघर्ष और हूतियों द्वारा सऊदी अरब पर हमलों के बीच भारतीय झंडे वाले जहाजों को निशाना बनाने की घटनाएं अब तक अपेक्षाकृत कम रही हैं। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र के आसपास के समुद्री मार्गों पर तनाव का भारतीय नाविकों पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
सरकार द्वारा पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 14 नाविक थे।