औषधि प्रशासन का विशेष अभियान: मेडिकल कॉलेजों में औचक निरीक्षण
लखनऊ में औषधियों की गुणवत्ता की जांच
लखनऊ। प्रदेश में आम जनता को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के पहले चरण में, 50 औषधि निरीक्षकों की टीम ने नौ जिलों में 15 सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों की फार्मेसियों का औचक निरीक्षण किया। इनमें चार सरकारी और 11 निजी कॉलेज शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान दवाओं की खरीद मूल्य, मरीजों से वसूली जा रही कीमत, दवाओं की गुणवत्ता, भंडारण, बिलिंग और कोल्ड-चेन व्यवस्था की जांच की गई।
विशेष अभियान की शुरुआत 24 सितंबर को हुई, जिसका मुख्य उद्देश्य मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की फार्मेसियों में मरीजों को जीवनरक्षक दवाओं की उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करना है। जांच टीमों ने फार्मेसियों में फार्मेसिस्ट की उपस्थिति, जीवनरक्षक दवाओं के बिलिंग रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, कोल्ड-चेन मेंटेनेंस, दवाओं की भंडारण व्यवस्था और औषधियों की गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही, दवाओं की खरीद और बिक्री की दरों का भी मिलान किया गया।
खरीद मूल्य और एमआरपी में अंतर
खरीद दर और एमआरपी में मिला बड़ा अंतर
जांच के दौरान कुछ निजी मेडिकल कॉलेजों में जीवनरक्षक औषधियों के खरीद मूल्य और एमआरपी के बीच बड़ा अंतर पाया गया। विभाग के अनुसार, कई मामलों में अस्पतालों ने दवाएं प्रिंटेड एमआरपी से कम कीमत पर खरीदीं, लेकिन मरीजों को लेबल पर अंकित एमआरपी पर दवाएं दी जा रही थीं। विभाग ने ऐसी औषधियों की पहचान की है और 90 औषधि नमूने संग्रहित किए हैं। संबंधित निर्माता फर्मों को नोटिस जारी कर दवाओं के प्रिंटेड एमआरपी और अस्पताल के स्टॉकिस्ट को दी गई प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) दर के बीच अंतर स्पष्ट करने के लिए कहा गया है।
डीपीसीओ उल्लंघन और कोल्ड-चेन खामियां
दो मेडिकल कॉलेजों में डीपीसीओ उल्लंघन
जांच में तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज, मुरादाबाद में चार और जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हापुड़ में तीन औषधियों में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश (DPCO), 2013 के उल्लंघन की जानकारी सामने आई। संबंधित निर्माता फर्मों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कोल्ड-चेन व्यवस्था में खामियां
हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बाराबंकी और जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हापुड़ में दवाओं की कोल्ड-चेन व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि ऐसी औषधियों का पूरा स्टॉक संबंधित मैन्युफैक्चरिंग फर्म को वापस भेजा जाए।
संतोष मेडिकल कॉलेज में दवाओं की बिक्री पर रोक
संतोष मेडिकल कॉलेज में 4.86 करोड़ की दवाओं की बिक्री पर रोक
संतोष मेडिकल कॉलेज, गाजियाबाद में आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी विसंगतियों के कारण विभाग ने 4.86 करोड़ रुपये मूल्य की औषधियों के विक्रय पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, कुछ फार्मेसियों द्वारा मौके पर औषधियों के क्रय बिल उपलब्ध नहीं कराए जा सके। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
76 औषधियों में सीलिंग प्राइस से अधिक एमआरपी
76 औषधियों में सीलिंग प्राइस से अधिक एमआरपी का मामला
विभाग ने केवल मेडिकल कॉलेजों की मौजूदा जांच तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। पिछले एक वर्ष में विभागीय निरीक्षणों के दौरान प्राप्त अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर बाजार में उपलब्ध 76 औषधियों में डीपीसीओ, 2013 के तहत निर्धारित सीलिंग प्राइस से अधिक एमआरपी पर बिक्री के मामले सामने आए हैं।
दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश
दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश
इन मामलों में 15 औषधि विनिर्माण इकाइयों के 49 सीएंडएफ, प्रमुख डिस्ट्रीब्यूटर्स और स्टॉकिस्ट्स को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों से कहा गया है कि यदि उनके पास राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) की ओर से कोई विशिष्ट वैधानिक छूट अथवा एथिकल रिलैक्सेशन प्राप्त है तो उसके दस्तावेज उपलब्ध कराएं। अन्यथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर स्टॉकिस्ट को आपूर्ति किए गए पूरे स्टॉक को बाजार से वापस कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीसीओ और एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत कार्रवाई
डीपीसीओ और एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश, 2013 का अनुपालन आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 के तहत अनिवार्य और बाध्यकारी है। विभाग ने संबंधित मामलों में डीपीसीओ और एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई के लिए स्थानीय जनपदों के औषधि निरीक्षकों को निर्देशित किया है।
इन मेडिकल कॉलेजों की जांच
इन मेडिकल कॉलेजों की जांच
प्रथम चरण में नौ जनपदों में स्थित 15 मेडिकल कॉलेजों की फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। इनमें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा, राजकीय मेडिकल कॉलेज, अयोध्या, हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बाराबंकी, डॉ. केएनएस मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज/मेयो इंस्टीट्यूट, बाराबंकी, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, बरेली, संतोष मेडिकल कॉलेज, गाजियाबाद, जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हापुड़, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर, डॉ. बीएस कुशवाह मेडिकल कॉलेज, कानपुर, नारायण मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, कानपुर, रामा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, कानपुर, तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज, मुजफ्फरनगर, हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, वाराणसी तथा आयुर्विज्ञान संस्थान, बीएचयू, वाराणसी शामिल हैं।