कच्चे तेल की कीमतें अमेरिका-ईरान तनाव के कारण चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची
कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतें चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। भारतीय समयानुसार सुबह 10:22 बजे बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का मूल्य 6.33 प्रतिशत बढ़कर 125.5 डॉलर प्रति बैरल हो गया। इसी समय डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम 3.35 प्रतिशत बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। यह स्थिति 2022 की शुरुआत में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान देखी गई कीमतों के समान है।
कच्चे तेल की कीमतों में यह वृद्धि तब हुई जब कुछ अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान में संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्पों के बारे में जानकारी दी है। इससे दोनों देशों के बीच संघर्ष की संभावना बढ़ गई है।
अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक कर रखा है, जिससे ईरान का तेल निर्यात लगभग ठप हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि जब तक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कोई समझौता नहीं करता, तब तक यह नाकेबंदी जारी रहेगी। ईरान भी इस मामले में पीछे हटने को तैयार नहीं है, हालांकि उसने अमेरिका के लिए शांति प्रस्ताव दिया था, जिसे ट्रंप ने अस्वीकार कर दिया।
इस हफ्ते की शुरुआत में मध्य पूर्व में तनाव के कारण अमेरिकी निवेश बैंक गोल्डमैन सैश ने 2026 की चौथी तिमाही के लिए कच्चे तेल की औसत कीमतों के अनुमान में वृद्धि की है। बैंक का कहना है कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड की औसत कीमत 83 डॉलर प्रति बैरल रह सकती है।
औसत कीमतों में यह संशोधन मध्य पूर्व में लगातार तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा के कारण किया गया है। पहले गोल्डमैन सैश ने 2026 की चौथी तिमाही में ब्रेंट क्रूड का औसत मूल्य 80 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड का औसत मूल्य 75 डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान लगाया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि तनाव के कारण मध्य पूर्व से लगभग 14.5 मिलियन बैरल कच्चा तेल प्रतिदिन बाजार से बाहर हो गया है।