कतर में इंडस्ट्रियल हादसे में 12 भारतीयों की जान गई, विदेश मंत्री ने जताया शोक
कतर में दर्दनाक हादसा
नई दिल्ली: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में एक गंभीर हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की जान चली गई। दोहा में स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी इस घटना पर शोक प्रकट किया है।
डॉ. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए धमाके में भारतीय नागरिकों सहित कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हमारा दूतावास कतर के अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रयासरत है। हमारी प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।"
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने एक पोस्ट में बताया कि रविवार रात को हुए इस हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि हादसे में घायल सभी लोग स्थिर हैं और उन्हें उचित चिकित्सा सहायता दी जा रही है। दूतावास कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास कर रहा है, जिसमें मृतकों के शवों को जल्द भारत भेजने की व्यवस्था भी शामिल है।
रविवार रात, रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया में एक बड़ा धमाका हुआ, जो दुनिया के प्रमुख ऊर्जा केंद्रों में से एक है। यह धमाका तब हुआ जब वहां कामकाज फिर से शुरू करने की कोशिशें चल रही थीं। इस घटना के बाद बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में भीषण आग लग गई, जिसके बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।