कनाडा में भारतीय छात्रों के लिए स्टडी परमिट नियमों में बदलाव
कनाडा में अध्ययन के लिए नए वित्तीय नियम
चंडीगढ़/टोरंटो: कनाडा में अध्ययन करने वाले भारतीय छात्रों, विशेषकर पंजाब के विद्यार्थियों के लिए वित्तीय नियमों में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने 1 सितंबर 2026 से स्टडी परमिट के लिए आवश्यक वित्तीय क्षमता की सीमा को बढ़ा दिया है। अब अकेले कनाडा जाने वाले छात्रों को पहले वर्ष के रहने-खाने के खर्च के लिए कम से कम 23,448 कनाडाई डॉलर दिखाने होंगे, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 17 लाख रुपये के बराबर है। यह राशि ट्यूशन फीस और यात्रा खर्च से अलग होगी।
IRCC के अनुसार, यह नया नियम उन छात्रों पर लागू होगा जो 1 सितंबर 2026 या उसके बाद स्टडी परमिट के लिए आवेदन करेंगे। 31 अगस्त 2026 तक आवेदन करने वाले छात्रों के लिए पुरानी वित्तीय सीमा लागू रहेगी। पहले, अकेले छात्र के लिए लिविंग एक्सपेंस की न्यूनतम राशि 22,895 कनाडाई डॉलर थी।
कनाडा सरकार के नए नियम के अनुसार, छात्रों को केवल बैंक खाते में निर्धारित लिविंग एक्सपेंस की राशि दिखाना ही पर्याप्त नहीं होगा। उन्हें पहले वर्ष की ट्यूशन फीस और यात्रा खर्च के लिए भी पर्याप्त धन का प्रमाण देना होगा। IRCC ने स्पष्ट किया है कि 23,448 कनाडाई डॉलर की राशि में ट्यूशन और यात्रा खर्च शामिल नहीं हैं।
यदि छात्र के साथ परिवार के सदस्य भी कनाडा आते हैं, तो आवश्यक वित्तीय राशि बढ़ जाएगी। 1 सितंबर 2026 से क्यूबेक को छोड़कर अन्य प्रांतों और क्षेत्रों के लिए लिविंग एक्सपेंस की न्यूनतम राशि इस प्रकार है—
दो सदस्यों के लिए 29,192 कनाडाई डॉलर, तीन सदस्यों के लिए 35,888 डॉलर और चार सदस्यों के लिए 43,572 डॉलर। पांच सदस्यों के लिए यह राशि 49,419 डॉलर और छह सदस्यों के लिए 55,736 डॉलर है। सात सदस्यों के लिए 62,054 डॉलर की आवश्यकता होगी। सात से अधिक प्रत्येक अतिरिक्त सदस्य के लिए 6,318 कनाडाई डॉलर अतिरिक्त दिखाने होंगे।
ये संघीय वित्तीय सीमा क्यूबेक को छोड़कर कनाडा के अन्य प्रांतों और क्षेत्रों के लिए है। क्यूबेक में अध्ययन के लिए वित्तीय क्षमता से जुड़े नियम अलग हैं और वहां की प्रांतीय नियमों के अनुसार राशि तय होती है।
IRCC के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वित्तीय आवश्यकता को हर साल अपडेट किया जाता है। कनाडा सरकार ने बताया है कि यह सीमा देश में रहने की लागत से जुड़े आंकड़ों के आधार पर हर वर्ष 1 सितंबर को समायोजित की जाती है। 2024 में यह सीमा 10,000 से बढ़ाकर 20,635 कनाडाई डॉलर की गई थी और 1 सितंबर 2025 से इसे 22,895 डॉलर किया गया था। अब 2026 के लिए यह 23,448 डॉलर हो गई है।
स्टडी परमिट के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अपनी वित्तीय क्षमता साबित करने के लिए बैंक स्टेटमेंट समेत कई दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। IRCC के अनुसार, बैंक स्टेटमेंट आमतौर पर पिछले छह महीने की वित्तीय स्थिति और धन के स्रोत को दिखाने वाला होना चाहिए। इसके अलावा, शिक्षा ऋण, छात्रवृत्ति, माता-पिता या अन्य प्रायोजक की वित्तीय सहायता के दस्तावेज भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
कनाडा सरकार के अनुसार, वित्तीय आवश्यकता बढ़ाने का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए उनकी पढ़ाई और रहने के दौरान पर्याप्त आर्थिक क्षमता सुनिश्चित करना है। IRCC के मौजूदा नियमों में छात्रों को आवेदन के समय यह साबित करना होता है कि उनके पास कनाडा में काम किए बिना ट्यूशन, रहने का खर्च और आने-जाने की लागत वहन करने के लिए पर्याप्त धन है।
इसलिए, पंजाब समेत भारत से कनाडा जाने की योजना बना रहे छात्रों के लिए अब आवेदन से पहले अपनी वित्तीय तैयारी और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करना महत्वपूर्ण होगा। केवल निर्धारित राशि दिखाने के बजाय धन के वैध स्रोत और पूरे पहले साल के खर्चों को कवर करने की क्षमता का स्पष्ट प्रमाण देना भी जरूरी है।