कनाडा में भारतीय युवक की संदिग्ध मौत, जलती कार में मिला शव
कनाडा में भारतीय युवक की संदिग्ध मौत
ओटावा: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली क्षेत्र में एक भारतीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय तुषार शर्मा का शव एक जलती हुई कार के अंदर पाया गया है। पुलिस ने इसे संदिग्ध हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कार के अंदर मिले मानव अवशेषों की पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई है, जो सरे क्षेत्र के निवासी थे। उनकी मृत्यु के कारणों और घटना के विवरण को जानने के लिए जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे पुलिस को लैंगली के रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लैंगली पुलिस और अग्निशामक मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के दौरान आपातकालीन कर्मियों ने कार के अंदर मानव अवशेष देखे, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्या से संबंधित मानकर जांच शुरू की।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच की जिम्मेदारी ली है। लैंगली आरसीएमपी, फोरेंसिक टीम और बीसी कोरोनर्स सर्विस भी इस जांच में सहयोग कर रही हैं।
जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि तुषार शर्मा की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई और इससे पहले उनके साथ क्या घटनाएं हुई थीं। पुलिस उनकी गतिविधियों, आखिरी बार कहां देखे जाने और किन लोगों के संपर्क में रहने की जानकारी जुटा रही है। उनके परिचितों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे की आशंका समेत अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।