कर्नाटक में प्रेमी ने किया बम धमाका, प्रेमिका बची
तुमकुरू में खौफनाक घटना
तुमकुरू: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी ने अपनी पूर्व प्रेमिका को मारने के इरादे से एक कैब में बम विस्फोट किया। इस भीषण धमाके में आरोपी प्रेमी की जलकर मौत हो गई, जबकि लड़की ने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
प्रेमिका का नंबर ब्लॉक करने पर बौखलाया प्रेमी
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, 30 वर्षीय नागेंद्र और ऑपरेशन टेक्नीशियन के रूप में काम करने वाली पीड़िता पहले एक रिश्ते में थे। हाल ही में उनके बीच तनाव बढ़ गया था, जिसके कारण महिला ने नागेंद्र का नंबर ब्लॉक कर दिया था। इस बात से नाराज होकर नागेंद्र ने शनिवार सुबह महिला के घर पर जाकर उसे जबरन एक कैब में डालकर किडनैप कर लिया। महिला के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तुरंत पुलिस में दर्ज कराई।
हाईवे पर खौफनाक हमला
नागेंद्र ने महिला को लेकर शहर से दूर भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, उसने महिला को विस्फोटक दिखाकर आत्महत्या के लिए उकसाया। जब महिला घबरा गई, तो उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच, कैब ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी, और महिला ने मौके का फायदा उठाकर कार से कूद गई। इससे पहले कि ड्राइवर खुद को सुरक्षित कर पाता, नागेंद्र ने विस्फोटक को सक्रिय कर दिया, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ।
धमाके में आरोपी की मौत
इस धमाके में नागेंद्र कार के अंदर ही फंसा रह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कैब ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया है। घायल महिला और ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस विस्फोट के कारण हाईवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के कुछ अंश बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नागेंद्र के पास इतनी मात्रा में विस्फोटक कैसे आया।