कांगड़ा घाटी में रेल नेटवर्क का पुनर्निर्माण, सांसदों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया
पठानकोट जोगिंदरनगर रेललाइन का ब्रॉडगेज में परिवर्तन
— पठानकोट जोगिंदरनगर रेललाइन को ब्रॉडगेज के लिए बजट लाना अगला लक्ष्य
धर्मशाला (गौरव सूद): मंगलवार को कांगड़ा के समेला रेलवे स्टेशन से लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रेल को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने रेल परियोजनाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 2911 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जबकि कांग्रेस सरकार के समय यह बजट केवल 104 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए बीजेपी ने कांग्रेस की तुलना में 27 गुना अधिक बजट आवंटित किया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कांगड़ा चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज के साथ मिलकर रेल यातायात को शुरू करने के लिए रेल मंत्री से कई बार चर्चा की थी, जिसके परिणामस्वरूप रेल लाइन को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि पठानकोट से जोगिंदरनगर रेल लाइन के ब्रॉडगेज में परिवर्तन के लिए सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और अब उनका प्रयास इस परियोजना के लिए बजट प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि रेल आम जनता के लिए महत्वपूर्ण है और लोग इसे सस्ती यात्रा के लिए पसंद करते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भानुपली बिलासपुर रेल लाइन पर लगभग 6 करोड़ 700 लाख रुपये का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि बरसात के कारण चक्की पुल को काफी नुकसान हुआ था, जिससे रेल ट्रैक भी प्रभावित हुआ था। लेकिन अब चक्की पुल के पुनर्निर्माण और रेल ट्रैक की मरम्मत के बाद रेल यातायात फिर से शुरू हो गया है। इस अवसर पर उन्होंने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि यदि नीयत और सोच सही हो, तो कोई भी कार्य पूरा किया जा सकता है।
पठानकोट जोगिंदरनगर रेलमार्ग पर चलेंगी 4 अप डाउन ट्रेनें
बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन से 2 ट्रेनें पठानकोट, 1 ट्रेन नूरपुर और 1 ट्रेन ज्वालामुखी रोड तक चलेंगी। इसके अलावा, एक ट्रेन बैजनाथ पपरोला से जोगिंदरनगर के लिए रवाना होगी। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सस्ती रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी। जून के इस पीक समर सीजन में ट्रेन सेवा की वापसी से हिमाचल के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
बसों के मुकाबले बेहद कम हैं रेल टिकट
महंगाई के इस दौर में रेलवे ने यात्रियों को राहत प्रदान की है। बसों की तुलना में रेल किराए काफी कम हैं, जिससे रेल यात्रा आम लोगों की पहली पसंद बन गई है। हालांकि, बरसात के दौरान रेलवे को ट्रैक के नुकसान की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।