कुठौंद थाना प्रभारी की आत्महत्या: महिला सिपाही पर हत्या का आरोप
कुठौंद थाना प्रभारी की आत्महत्या का मामला
जलौन। उरई में कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार रॉय ने शुक्रवार रात अपनी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या कर ली। इस घटना को एक महिला सिपाही से जोड़ा जा रहा है। घटना के बाद महिला सिपाही का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वह भागती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। एसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जब इंस्पेक्टर ने आत्महत्या की, उस समय महिला सिपाही उनके कमरे में मौजूद थी। वह चीखते हुए बाहर आई और कहा कि साहब ने गोली मार ली है, फिर वहां से भाग गई। थाने के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे हैं, जिनमें महिला सिपाही की भागने की तस्वीरें कैद हुई हैं। जालौन के एसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि महिला सिपाही ने सबसे पहले इंस्पेक्टर के गोली मारने की सूचना दी थी, और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
महिला सिपाही की तैनाती और उस समय की गतिविधियों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, अरुण रॉय 1998 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और 2013 में उप निरीक्षक बने। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 2022 में इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिली थी। उनकी पहली पोस्टिंग महाराजगंज थाना प्रभारी के रूप में हुई थी।
महिला सिपाही पर हत्या का आरोप
कुठौंद थाने का चार्ज संभालने के बाद भी अरुण रॉय क्षेत्र में सक्रिय रहते थे। शुक्रवार शाम को वह क्षेत्र भ्रमण से लौटे थे, और कुछ समय बाद थाना परिसर में गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें लहूलुहान पाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। अब इस मामले में महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा का नाम सामने आया है।
परिजनों की शिकायत पर महिला कांस्टेबल मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला आरक्षी ने कमरे में गोली चलने की सूचना दी थी। इंस्पेक्टर की बॉडी सरकारी आवास में मच्छरदानी के अंदर मिली थी। महिला आरक्षी के भागने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।