कुमारी सैलजा ने भाजपा पर महिलाओं के साथ धोखा देने का आरोप लगाया
भाजपा की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कुमारी सैलजा
सिरसा: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह हरियाणा समेत पूरे देश की करोड़ों महिलाओं के साथ बार-बार धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ो लक्ष्मी योजना और 2100 रुपये देने का जो प्रचार किया जा रहा है, वह केवल जनता को गुमराह करने का एक और चुनावी हथकंडा है। इस योजना में आय सीमा निर्धारित कर दी गई है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा बाहर रह गया है।
स्थानीय सांसद ने आगे कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र सभी महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा करता है, लेकिन वास्तविकता यह है कि योजना इतनी शर्तों से भरी हुई है कि अधिकांश महिलाएं इसका लाभ नहीं उठा पाएंगी। आय सीमा के कारण अधिकांश गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाएं इस योजना से वंचित रह जाएंगी। केवल कुछ गिनी-चुनी महिलाएं ही इसका लाभ ले सकेंगी, जबकि संकल्प पत्र में सभी महिलाओं को लाभ देने का वादा किया गया था। महिलाओं को असली सशक्तिकरण और सम्मान देने के बजाय केवल चुनावी लालच देकर गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए ठोस और दीर्घकालिक योजनाएं बनानी चाहिए, न कि केवल चुनाव के समय वोट बटोरने के लिए ऐसी घोषणाएं करनी चाहिए।
कुमारी सैलजा ने यह भी कहा कि इस योजना में आयु सीमा अन्य राज्यों की तुलना में कम रखी गई है। दूसरे राज्यों में यह आय सीमा 1.20 लाख रुपये से 2.50 लाख रुपये तक है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि जब उनका संकल्प पत्र सभी महिलाओं को 2100 रुपये देने का था, तो फिर आय सीमा की शर्त क्यों लगाई गई? क्या भाजपा वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है या केवल चुनावी राजनीति करना चाहती है? क्या महिलाओं की गरिमा और अधिकार केवल 2100 रुपये से खरीदे जा सकते हैं?
सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए नीतियां बनाई हैं और उन्हें लागू किया है। भविष्य में कांग्रेस महिलाओं को उनका वास्तविक हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।