☰
×

कृषि परिवर्तन पर चर्चा के लिए एग्रीविजन-2026 सम्मेलन का आयोजन

नई दिल्ली में 13-14 अक्टूबर को एग्रीविजन-2026 सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारतीय कृषि के भविष्य, नवाचार और उद्यमिता पर चर्चा होगी। यह सम्मेलन परंपरागत ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर केंद्रित है। इसमें कृषि विद्यार्थी, वैज्ञानिक और नीति-निर्माता भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना और विकसित भारत@2047 के संकल्प में योगदान करना है।
 

कृषि के भविष्य पर विमर्श

परंपरागत ज्ञान, आधुनिक विज्ञान और उभरती तकनीकों का समन्वय


नई दिल्ली: भारतीय कृषि के भविष्य, कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता की नई संभावनाओं पर चर्चा के लिए एग्रीविजन का 10वां राष्ट्रीय सम्मेलन 13-14 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का शीर्षक ‘Reimagining Indian Agriculture: TradiTech-led Transformation’ है, जो भारतीय कृषि को परंपरागत ज्ञान, आधुनिक विज्ञान, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता के साथ जोड़ने पर केंद्रित है।


इस सम्मेलन का आयोजन विद्यार्थी कल्याण न्यास, भोपाल और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली के कृषि शिक्षा प्रभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम का स्थान भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा, नई दिल्ली होगा। इसमें देशभर से कृषि विद्यार्थी, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, नीति-निर्माता और उद्यमी शामिल होंगे।


सम्मेलन में किसानों की आय में वृद्धि, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, जलवायु-अनुकूल और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने, मृदा एवं जल संरक्षण, कृषि के डिजिटलीकरण, कृषि-आधारित स्टार्टअप और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और संबंधित क्षेत्रों की संभावनाओं के साथ कृषि शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, कौशल-आधारित और रोजगारोन्मुख बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।


एग्रीविजन की स्थापना 2015 में कृषि एवं संबंधित विषयों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक, व्यावसायिक और रोजगार संबंधी जरूरतों को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। सम्मेलन का व्यापक लक्ष्य कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी, नवाचार और नेतृत्व को प्रोत्साहित करते हुए विकसित भारत@2047 के संकल्प में योगदान देना है।