केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की कटौती
दिल्ली: ईंधन की कीमतों में राहत
दिल्ली: ईरान के युद्ध के चलते बढ़ती ईंधन की कीमतों के बीच, केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य रुपये कर दी गई है। इससे फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रहेंगी।
यह निर्णय ईरान युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट पर लगाए गए ब्लॉकेड के चलते वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच लिया गया है, जहां से दुनिया के कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा आता है।
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक नोटिफिकेशन में कहा गया है कि यह निर्णय तुरंत प्रभावी होगा।
इस निर्णय के बाद, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सरकार ने अपने कर राजस्व पर प्रभाव डालते हुए तेल कंपनियों को नुकसान से बचाने का प्रयास किया है। अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
सरकार ने यह कदम पेट्रोलियम कंपनियों को राहत देने के लिए उठाया है, जो वर्तमान में उच्च दामों पर कच्चा तेल खरीद रही हैं। ईरान युद्ध के कारण ब्रेंट क्रूड $100 प्रति बैरल पहुंच गया है, जो हाल ही में $119 प्रति बैरल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था.
पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच देश में ईंधन को लेकर मारा-मारी देखने को मिल रही है। देश के कुछ हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कई पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक का बोर्ड देखा गया। हालांकि, सरकार का कहना है कि भारत में कच्चे तेल का प्रर्याप्त भंडार है। देश भर में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है.
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उसके पेट्रोल पंप पूरी तरह से भरे हुए हैं और सुचारू रूप से काम कर रहे हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोल, डीजल या LPG की कोई कमी नहीं है.
अफवाहों से आगाह करते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबारएं नहीं, जमाखोरी के मामलों की रिपोर्ट करें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.