केजरीवाल को मिली बड़ी राहत, अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
केजरीवाल को कोर्ट से मिली बरी होने की राहत
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति घोटाले में महत्वपूर्ण राहत मिली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य को इस मामले में बरी कर दिया है। कोर्ट से बरी होने के बाद केजरीवाल ने भावुक होकर कहा कि, 'मैं भ्रष्ट नहीं हूं।' अदालत ने यह भी कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया ईमानदार हैं। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह समाचार भाजपा के लिए किसी 'नैतिक मृत्युदंड' से कम नहीं है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'आज दिल्ली के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के साथ सत्य और न्याय दोनों खड़े हैं। आरोप कभी इतना बड़ा नहीं हो सकता कि वो सच को आच्छादित कर ले। आज हर ईमानदार व्यक्ति आशा भरी सांस लेगा और भाजपा के समर्थक शर्म के मारे आत्म-लज्जित हो रहे होंगे। भाजपा ने दिल्ली के निवासियों से विश्वासघात किया है।'
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जो लोग साधु, संतों और शंकराचार्य जैसे व्यक्तियों पर झूठे आरोप लगाते हैं, वे किसी सरकार या व्यक्ति को बदनाम करने के लिए किस हद तक जा सकते हैं, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि आज़ादी से पहले, वर्तमान सत्ता के जो लोग देश के दुश्मनों से मिले हुए थे, वे अब किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। भाजपा के लिए यह समाचार किसी 'नैतिक मृत्युदंड' से कम नहीं है।