केरल में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका, 13 लोगों की मौत
त्रिशूर में पटाखा फैक्टरी में हादसा
त्रिशूर। तमिलनाडु की एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के दो दिन बाद, केरल के त्रिशूर जिले में एक और पटाखा फैक्टरी में भयंकर धमाका हुआ है। इस घटना में 13 लोगों की जान चली गई। यह हादसा मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास हुआ। इस दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, मौके पर 10 शव मिले हैं, जबकि तीन शवों के हिस्से भी पाए गए हैं। घायलों में से पांच की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि 17 अन्य को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, पटाखे खेतों के बीच बने एक शेड में बनाए जा रहे थे, और हादसे के समय वहां लगभग 40 लोग मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि त्रिशूर में घायलों के इलाज के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज, जनरल अस्पताल और अन्य नजदीकी अस्पतालों में व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मास कैजुअल्टी प्रोटोकॉल लागू किया गया है और बर्न यूनिट को तैयार रखा गया है। इसके अलावा, चार अन्य जिलों से डॉक्टरों की टीमें भी इलाज में सहायता के लिए भेजी जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्टरी में भी धमाका हुआ था, जिसमें 25 लोगों की जान गई थी।