कॉकरोच जनता पार्टी: एक नई राजनीतिक क्रांति का उदय
चंडीगढ़, 22 मई
Cockroach Life Lessons: कहा जाता है कि कलयुग में कब, कौन, कहां और कैसे नेता बन जाए, यह कोई नहीं जानता। लेकिन हाल ही में जो हुआ है, उसने सभी राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया है। पिछले कुछ दिनों से मीडिया की हेडलाइंस और सोशल मीडिया पर एक ही नाम गूंज रहा है - 'कॉकरोच जनता पार्टी' (Cockroach Janata Party)। कुछ लोग इसे देश में एक बड़ी डिजिटल क्रांति का संकेत मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे महज फेसबुक-ट्विटर की 'मसखरी' कहकर मजाक उड़ा रहे हैं। लेकिन यह मामला इतना साधारण नहीं है। 16 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रकट हुई इस पार्टी ने चंद दिनों में डेढ़ करोड़ से अधिक फॉलोअर्स जुटा लिए हैं। इतनी तेजी से तो लोग अपनी शादी की रील भी वायरल नहीं कर पाते, जितनी तेजी से इस 'कॉकरोच सेना' ने अपनी फौज खड़ी कर ली है। अब तो बड़े-बड़े राजनेता भी सुबह की चाय के साथ इसी पार्टी की चर्चा कर रहे हैं।
चीफ जस्टिस की एक टिप्पणी और नई पार्टी का जन्म
आप सोच रहे होंगे कि इस 'कॉकरोच पुराण' की शुरुआत कैसे हुई? इसके पीछे हैं हमारे माननीय चीफ जस्टिस सूर्यकांत। सुप्रीम कोर्ट में एक केस की लाइव सुनवाई के दौरान, जज साहब ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से कर दी। उन्होंने कहा, "कॉकरोच की तरह ऐसे युवा हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। इनमें से कुछ मीडिया, कुछ सोशल मीडिया और कुछ आरटीआई व अन्य एक्टिविस्ट बनकर हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।"
कॉकरोच: एक जीव, जो साक्षात 'रजनीकांत' है!
क्या कॉकरोच वाकई इतना बुरा शब्द है कि इसे गाली की तरह इस्तेमाल किया जाए? विज्ञान के अनुसार, कॉकरोच धरती का एक ऐसा प्राणी है जिसके सामने इंसान 'नूब' (Noob) है। इसके पास ऐसे गुण हैं, जिन्हें अगर युवा अपने रेज्यूमे में लिख दें, तो गूगल वाले खुद घर आकर नौकरी देने आएंगे। आइए, कॉकरोच के इन अद्भुत गुणों पर एक नजर डालते हैं:
1. विपरीत हालातों का दामाद (परम सर्वाइवर)
कॉकरोच इंसानों की तुलना में 10 गुना अधिक परमाणु रेडिएशन सहन कर सकते हैं। चाहे भयानक सर्दी हो या गर्मी, ये 'ऑल इज वेल' कहकर घूमते रहते हैं। यह गुण सिखाता है कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, जिंदगी में डटे रहना चाहिए।
2. बिना सिर पैर की जिंदगी (आखिरी सांस तक जंग)
अगर कॉकरोच का सिर काट दिया जाए, तो भी वह एक महीने तक जीवित रह सकता है। यह हमें सिखाता है कि चाहे हालात कितने भी खराब हों, जब तक सांस है, हार नहीं माननी चाहिए।
3. वॉटरप्रूफ 'बाहुबली'
कॉकरोच पानी के अंदर 40 मिनट तक अपनी सांस रोक सकता है। मुसीबत में घबराने की बजाय, शांत रहकर सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए।
4. 0.05 सेकंड का 'स्पाइडर सेंस'
कॉकरोच के पैरों में बारीक बाल होते हैं, जो हवा के दबाव को तुरंत भांप लेते हैं। इतनी तेज सतर्कता अगर युवाओं में आ जाए, तो वे फेक न्यूज से हमेशा दूर रहेंगे।
5. कुछ भी खा लेगा, कहीं भी रह लेगा
कॉकरोच खाने के मामले में नखरे नहीं करते। वह गोंद, ग्रीस, साबुन और किताबों के कवर तक चबा जाते हैं। मिडिल क्लास और बेरोजगार युवाओं के लिए इससे बेहतरीन रोल मॉडल और कौन हो सकता है?
क्या अब 'कॉकरोच' कहना गर्व की बात है?
अब कॉकरोच के इन गुणों को जानने के बाद निर्णय आपके हाथ में है। चीफ जस्टिस ने इसे ताना मारकर कहा था, लेकिन युवाओं ने इसे एक 'सुपरपावर' की तरह अपना लिया है। यह आपके नजरिए पर निर्भर करता है कि आप कॉकरोच को गंदगी समझते हैं या एक मजबूत और कभी न हार मानने वाले 'अल्टीमेट सर्वाइवर' के रूप में देखते हैं। इस 'कॉकरोच क्रांति' ने साबित कर दिया है कि अगर देश के युवाओं को उंगली की जाएगी, तो वे सोशल मीडिया पर आपकी पूरी सल्तनत हिला सकते हैं।