कोलंबिया में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 66 की मौत और 21 लापता
कोलंबिया में विमान दुर्घटना
नई दिल्ली: कोलंबिया के दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में सोमवार को एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 125 यात्रियों में से कम से कम 66 लोगों की जान चली गई है। यह घटना कोलंबियाई वायु सेना के इतिहास में सबसे गंभीर दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है। मलबे के बीच लगभग 21 लोग अब भी लापता हैं। पुटुमायो विभाग के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने पुष्टि की है कि 66 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और कई अन्य घायल हैं।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 परिवहन विमान पेरू सीमा के निकट प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों और घायलों की संख्या में परिवर्तन संभव है।
फायरफाइटर एडुआर्डो सैन जुआन कैलेजास के अनुसार, विमान ने उड़ान भरते समय रनवे के अंत में किसी वस्तु से टकरा गया। इसके बाद, विमान का एक पंख पेड़ से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। आग लगने के कारण विमान में मौजूद कुछ विस्फोटक उपकरण भी फट गए।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग घायल सैनिकों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कच्ची सड़कों से अस्पताल पहुंचाते नजर आए। बाद में सेना के वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन अधिकारियों के अनुसार, दुर्गम इलाके के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।