×

कौशांबी में LPG टैंकर दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

कौशांबी के सिरोही टोल प्लाजा पर एक भयानक LPG टैंकर दुर्घटना में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है। इस हादसे में घायल हुए दो टोलकर्मियों की भी मौत हो गई। जानें इस दर्दनाक घटना के बारे में अधिक जानकारी और प्रभावित परिवारों की स्थिति।
 

कौशांबी टोल प्लाजा पर भयानक हादसा


प्रयागराज। दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौशांबी के सिरोही टोल प्लाजा पर एक LPG टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में घायल हुए टोलकर्मी हीरामणि सिंह और कृष्णपाल मौर्या की भी मृत्यु हो गई। दोनों का इलाज प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में चल रहा था। इस दुर्घटना में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।


ये भयावह CCTV फुटेज देखिए, रोंगटे खड़े हो जाएँगे…

कौशांबी टोल प्लाजा के पास LPG सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक से आग लग गई और फिर पूरे इलाके में सिलेंडर फटने की आवाज गूँजने लगी…

चार लोगों की मौत हुई है इस हादसे में pic.twitter.com/z4JGfzW34D

— Rajender Singh (@rajendersingh56) July 3, 2026



जानकारी के अनुसार, कौशांबी जिले के सिरोही टोल प्लाजा पर 26 जून को यह भयानक हादसा हुआ था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि 2 जुलाई को इलाज के दौरान रायबरेली के नसीराबाद निवासी 29 वर्षीय हीरामणि सिंह और मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी निवासी 23 वर्षीय कृष्णपाल मौर्या की मृत्यु हो गई।


हीरामणि अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता वीरेंद्र बहादुर का कई साल पहले निधन हो चुका था। उसकी मौत से पत्नी प्रतिभा सिंह, बेटे युग, वेद और मां मायावती सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह पिछले दो वर्षों से टोल प्लाजा पर कार्यरत था। वहीं, कृष्णपाल मौर्या भी टोल प्लाजा पर काम करता था और उसकी शादी नहीं हुई थी। इससे पहले, हंडिया निवासी अनिल कुमार की एक जुलाई को मृत्यु हो चुकी थी।


कौशांबी में सिरोही टोल प्लाजा पर डिवाइडर से टकराकर LPG टैंकर पलट गया था। इस हादसे में टैंकर चालक धर्मेद्र दुबे और कर्मचारी आलोक की भी उसी दिन मृत्यु हो गई थी। बताया गया है कि घायल अतुल को परिवार वाले रीवा ले गए हैं। चौकी इंचार्ज एसआरएन आशुतोष सिंह ने बताया कि गुरुवार को जिन दो युवकों की मृत्यु हुई, उनका पोस्टमार्टम किया गया है।